पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने 23 अक्टूबर 2019 को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के नए अध्यक्ष का पदभार संभाल लिया है. वे बीसीसीआई के 39वें अध्यक्ष हैं. इसी के साथ सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित प्रशासकों की समिति (सीओए) भी भंग हो गई.
सौरव गांगुली निर्विरोध चुने गए हैं. वे इस पद पर जुलाई 2020 तक बने रहेंगे. सौरव गांगुली के अतिरिक्त केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह को बीसीसीआइ के नए सचिव के रूप में जिम्मेदारी मिली है. वहीं, बीसीसीआइ के पूर्व अध्यक्ष अनुराग ठाकुर के भाई अरुण सिंह का बोर्ड के कोषाध्यक्ष की कमान मिली है.
गांगुली का कार्यकाल सिर्फ 10 महीने का
सौरव गांगुली का कार्यकाल बीसीसीआई के अध्यक्ष के तौर पर केवल दस महीने के करीब का होगा. बीसीसीआई के नए संविधान के अनुसार उन्हें अगले साल सितंबर में तीन साल के ‘कूलिंग ऑफ पीरियड’ में जाना होगा. इसके अंतर्गत सौरव गांगुली अगने तीन वर्षों तक बीसीसीआई के किसी भी पद पर नियुक्त नहीं हो सकेंगे. बीसीसीआई के नए नियमों के मुताबिक, एक प्रशासक लगातार केवल छह साल तक ही अपनी सेवाएं दे सकता है.
सौरव गांगुली का क्रिकेट करियर
सौरव गांगुली बीसीसीआई के ऐसे पहले अध्यक्ष होंगे जिनके पास 400 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का अनुभव होगा. सौरव गांगुली ने अपने वनडे करियर का शुरुआत साल 1992 में वेस्टइंडीज के खिलाफ किया था.
क्रमांक | प्रारूप | मैच | रन | शतक | अर्धशतक | औसत | विकेट |
---|---|---|---|---|---|---|---|
1 | टेस्ट | 113 | 7212 | 16 | 35 | 42.2 | 32 |
2 | वनडे | 311 | 11363 | 22 | 72 | 41.02 | 100 |
3 | फर्स्ट क्लास | 254 | 15687 | 33 | 89 | 41.18 | 167 |
4 | लिस्ट ए | 437 | 15622 | 31 | 97 | 41.32 | 171 |
5 | ट्वेंटी-20 | 77 | 1726 | 0 | 8 | 25.01 | 29 |